बिलासपुर रवाना हुए CM विष्णुदेव साय, झीरम घाटी मामले और कांग्रेस पर साधा निशाना
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर के लिए रवाना हुए। वे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तीजा पोरा तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे। रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने झीरम घाटी मामले में अदालत के फैसले और कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि झीरम घाटी मामले की जांच NIA ने करीब 13 वर्षों तक की और इस दौरान 100 से अधिक गवाहों से पूछताछ की गई।
उन्होंने कहा कि मामले में 10 लोगों को दोषी ठहराया गया है और आरोपियों की सजा को लेकर 16 सितंबर को फैसला आने वाला है।कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री साय ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस के पास झीरम मामले से जुड़े कोई ठोस सबूत थे, तो उसे NIA की जांच में सहयोग करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विपक्ष में रहते हुए कहते थे कि सबूत उनकी जेब में हैं। अगर सबूत थे तो उन्हें सामने रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झीरम घाटी जैसी गंभीर घटना की जांच में जो भी तथ्य और सबूत हैं, उन्हें सामने आना चाहिए। अदालत की प्रक्रिया के तहत अब इस मामले में सजा को लेकर फैसला होना है।कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बदले जाने पर भी CM साय का तंजकांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बदले जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की नीति पर चलती है और जहां जाती है, वहां गुटबाजी करती है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भी भूपेश बघेल का विरोध हुआ था और इसी वजह से कांग्रेस ने प्रदेश प्रभारी को बदल दिया है।मुख्यमंत्री साय के इन बयानों के बाद झीरम घाटी मामले और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी में बदलाव को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा सकती है।
