जशपुर की 15 वर्षीय परिधि गुप्ता ने रचा इतिहास, बनीं मिस टीन छत्तीसगढ़ और जूनियर मिस इंडिया

कथक नृत्य से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक बनाई पहचान, तीन साल से फास्ट फूड से बनाई दूरी, कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की होनहार बेटी परिधि गुप्ता ने महज 15 वर्ष की उम्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। रायपुर में आयोजित ‘डिवा ऑफ छत्तीसगढ़ 2027’ सीजन-7 के ग्रैंड फिनाले में परिधि ने ‘मिस टीन छत्तीसगढ़’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में बिग बॉस फेम अभिनेत्री चाहत पांडेय ने उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया।परिधि की यह सफलता पहली नहीं है।
इससे पहले उन्होंने राजस्थान के जयपुर में आयोजित ‘जूनियर मिस इंडिया’ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट परफॉर्मेंस’ का खिताब हासिल किया था। इसके साथ ही कथक नृत्य के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी विशेष पहचान बनाई है। परिधि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं।अनुशासन और मेहनत को बनाया सफलता का मंत्रकम उम्र में लगातार उपलब्धियां हासिल करने वाली परिधि की सफलता के पीछे उनका अनुशासन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास है।
खुद को फिट और स्वस्थ रखने के लिए उन्होंने पिछले तीन वर्षों से फास्ट फूड से पूरी तरह दूरी बना रखी है। पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग, व्यक्तित्व विकास और कथक नृत्य के अभ्यास पर भी वह विशेष ध्यान देती हैं।परिधि की इस उपलब्धि से जशपुर जिले में खुशी का माहौल है। परिवारजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। महज 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली परिधि आज जिले की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
परिधि की यह कामयाबी साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर अभ्यास से कम उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
