कबीरधाम में तीन सहायक उप निरीक्षक पदोन्नत होकर बने उप निरीक्षक
कबीरधाम, 20 सितंबर 2025।कबीरधाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज पदोन्नति समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिले के तीन सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल ने संयुक्त रूप से पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी।
पदोन्नत अधिकारियों में सहायक उप निरीक्षक श्रीमती उमा उपाध्याय (थाना सहसपुर लोहारा), रघुवंश लाल पाटिल (थाना पांडातराई) और इसराइल खान (अजाक थाना कवर्धा) शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक, नया रायपुर के आदेशानुसार जारी योग्यता सूची वर्ष 2025 के अंतर्गत यह पदोन्नति दी गई।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा – “पदोन्नति केवल पद और दायित्व की वृद्धि नहीं, बल्कि यह कर्तव्यों के प्रति समर्पण और कार्यकुशलता की स्वीकृति है। उम्मीद है कि पदोन्नत अधिकारी विभाग की गरिमा को और ऊँचाई प्रदान करेंगे।
” इसके बाद उन्होंने मिठाई खिलाकर तीनों अधिकारियों को सम्मानित किया।समारोह में उप पुलिस अधीक्षक श्री संजय ध्रुव, श्री आशीष शुक्ला, श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, सिटी कोतवाली प्रभारी श्री लाल जी सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवपदोन्नत अधिकारियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।