85 लाख रुपए का गबन उजागर, ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक के 10 कर्मचारी आरोपी — 6 गिरफ्तार
दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्र में ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक शाखा दुर्ग में करोड़ों के लोन संग्रह के नाम पर बड़े गबन का मामला सामने आया है। बैंक के 10 संग्रह कर्मचारियों पर लगभग 85 लाख रुपये की राशि गबन करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित देशमुख ने थाना पुलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम चन्द्रखुरी की हिरन बाई साहू सहित 240 ग्राहकों को बैंक द्वारा लोन प्रदान किया गया था, लेकिन इन ग्राहकों द्वारा जमा की गई लोन राशि बैंक तक नहीं पहुंची।
जांच में सामने आया कि बैंक के संग्रहकर्ताओं ने 24 मई 2024 से 24 जून 2025 के बीच 8498940 रुपए रकम एकत्रित कर बैंक में जमा नहीं कर अपने व्यक्तिगत उपयोग में खर्च कर लिया।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 546/2025, धारा 420, 409, 120-बी भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।जांच में पाया गया कि यह राशि कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से नकद/संग्रह कर सीधे बैंक में जमा ना कर अपने निजी खर्च में उपयोग की गई। पुलिस ने इस मामले में 06 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है, शेष 04 की तलाश जारी है। पूछताछ में 06 आरोपी कर्मचारियों ने रकम गबन करने की बात स्वीकार की है। विवेचना में आगे और भी तथ्य सामने आने की संभावना व्यक्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. टीकाराम पाटले, 35 वर्ष, ग्राम लोरमी, जिला मुंगेली
2. आकाश नायक, 30 वर्ष, ग्राम बसना, जिला महासमुंद
3. ओमप्रकाश कोसरे, 21 वर्ष, बजरंग नगर, उरला
4. आर्या गोस्वामी, 25 वर्ष, दल्लीराजहरा, जिला बालोद
5. रेशमा वर्मा, 25 वर्ष, आदित्य नगर, दुर्ग (थाना मोहन नगर)
6. अंकिता पासवान, 22 वर्ष, ग्राम कोसा नगर, सुपेला पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की भी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
