रतनपुर तहसील में एसीबी का बड़ा एक्शन: 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

रतनपुर तहसील में एसीबी का बड़ा एक्शन: 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर एसीबी की टीम ने रतनपुर तहसील कार्यालय में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए लालपुर हल्का पटवारी भानु चंद्राकर को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पटवारी ने जमीन के नक्शा बटांकन के लिए पहले 40 हजार रुपए की मांग की थी, जिसे बाद में 25 हजार रुपए में तय किया गया।

जानकारी के अनुसार, लालपुर निवासी अशोक अग्रवाल ने लगभग एक वर्ष पूर्व अपनी जमीन के नक्शा बटांकन के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। तहसीलदार के आदेश जारी होने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ा। आरोप है कि संबंधित पटवारी भानु चंद्राकर ने फाइल आगे बढ़ाने और नक्शा बटांकन करने के एवज में रिश्वत की मांग शुरू कर दी।पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर से की।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।बुधवार को आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता को रतनपुर तहसील कार्यालय बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम 25 हजार रुपए पटवारी को सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे तहसीलदार के चेंबर से रंगे हाथ पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।विशेष बात यह है कि बिलासपुर एसीबी की यह वर्ष की 53वीं ट्रैप कार्रवाई बताई जा रही है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसी की सक्रियता को दर्शाती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?