113 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन साइबर ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार,
21 राज्यों में फैला था नेटवर्क150 से अधिक बैंक खातों से जुड़ी ठगी की शिकायतें, फर्जी संस्था बनाकर बैंक खाते खुलवाए; मुख्य आरोपी का भाई पहले से जेल में बंद
सूरजपुर। देश के 21 राज्यों में फैले अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सूरजपुर पुलिस ने 113 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले में फरार दूसरे आरोपी देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए देशभर के 150 से अधिक लोगों से ऑनलाइन ठगी की गई। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2024 से जुलाई 2025 के बीच संबंधित बैंक खातों के खिलाफ 150 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई थीं। इन खातों से जुड़ी ठगी की कुल रकम 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये बताई गई है।
पुलिस जांच के अनुसार, गंगौटी निवासी 32 वर्षीय देवनारायण चक्रधारी ने अपने भाई महेश चक्रधारी के साथ मिलकर डी.एन. चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नाम से एक संस्था बनाई थी। इसी संस्था की आड़ में भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में बैंक खाते खुलवाए गए। आरोप है कि दोनों भाइयों ने करीब 8 लाख रुपये और प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर मोटे कमीशन के लालच में खातों की इंटरनेट बैंकिंग आईडी और पासवर्ड साइबर ठग गिरोह को उपलब्ध करा दिए थे।इन खातों का इस्तेमाल देश के अलग-अलग राज्यों से ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे ठिकाने लगाने के लिए किया जाता था।
मामले के तार बिहार के पटना से जुड़े होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर सूरजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।पुलिस ने आरोपी देवनारायण के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में उसका भाई महेश चक्रधारी पहले ही जेल में बंद है।
हालांकि, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस पूरे नेटवर्क के पीछे सक्रिय मुख्य साइबर ठग गिरोह और पटना में बैठे इसके संचालकों की पहचान करना अभी बाकी है। सूरजपुर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
