विधिक सेवा दिवस पर दुर्ग जिले में सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंच रहा निःशुल्क न्याय का संदेश

विधिक सेवा दिवस पर दुर्ग जिले में सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंच रहा निःशुल्क न्याय का संदेश

DLSA दुर्ग की विशेष पहल, सप्ताहभर आयोजित होंगे विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं साक्षरता शिविर; कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को दी जा रही निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

दुर्ग। आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), दुर्ग द्वारा विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। 9 नवंबर 2026 से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत जिलेभर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार दुर्ग, पाटन, भिलाई-3 और धमधा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गांवों, शहरी बस्तियों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी जा रही है।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग के अध्यक्ष श्री के. विनोद कुजूर के मार्गदर्शन एवं प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर के समन्वय में संचालित इस अभियान में पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वॉलंटियर्स घर-घर और गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं तथा उन्हें न्याय प्राप्त करने के उपलब्ध कानूनी विकल्पों से अवगत करा रहे हैं।अभियान के दौरान नागरिकों को निःशुल्क अधिवक्ता एवं विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा से संरक्षण, श्रमिकों के अधिकार तथा साइबर अपराधों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जा रही है।साथ ही लोगों को बताया जा रहा है कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उनकी समस्याओं के अनुरूप संबंधित विभागों एवं सक्षम संस्थाओं तक पहुंचने के लिए भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।DLSA दुर्ग की इस सप्ताहव्यापी पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कमजोरी, सामाजिक परिस्थितियों अथवा कानूनी जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे। अभियान के माध्यम से जिले में विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?