दुर्ग में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, ईंट-पत्थर और चाकू से हमला; युवक की मौत, 10 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, ईंट-पत्थर और चाकू से हमला; युवक की मौत, 10 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। शहर के राजीव नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान ईंट-पत्थर और चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।मृतक की पहचान चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर की है। बताया जा रहा है कि मृतक की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद ईंट-पत्थर और चाकू से हमला किया गया।

इस हमले में चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 8 बालिग और 2 नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी वजह, विवाद में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। मृतक और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

पुरानी रंजिश के चलते हुई इस हिंसक वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था और आपसी विवादों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?