छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा
रायपुर।छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन, जिला रायपुर के तत्वावधान में एसोसिएशन के संरक्षक सदस्य एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष स्व. श्री वीरेंद्र कुमार (व्ही.के.) थवानी तथा आजीवन सदस्य स्व. श्री मोहम्मद शब्बीरूद्दीन के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।कर्मचारी भवन, गौरव पथ, रायपुर में सायं 5:00 बजे आयोजित शोक सभा में दोनों दिवंगत कर्मचारियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
स्व. श्री वीरेंद्र कुमार थवानी छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के पूर्व पदाधिकारी रहे। उन्होंने जल संसाधन विभाग में बिलासपुर एवं रायपुर में अपनी सेवाएँ दीं तथा तत्कालीन जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल के निज सहायक के रूप में भी कार्य किया। मृदुभाषी, सरल स्वभाव एवं कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय रहे श्री थवानी के निधन से उनके सहयोगियों एवं साथियों में शोक की लहर व्याप्त है।
स्व. श्री मोहम्मद शब्बीरूद्दीन वाणिज्यक कर विभाग से सेवानिवृत्त थे। वे एक कर्मठ, मृदुभाषी एवं मिलनसार कर्मचारी के रूप में जाने जाते थे और अपने साथियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे।शोक सभा को संबोधित करते हुए पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दोनों दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्री उमेश मुदलियार (प्रांतीय महामंत्री), श्री विश्वनाथ ध्रुव (संभागीय अध्यक्ष), श्री पंकज नायक (जिलाध्यक्ष), श्री राजेन्द्र उमाठे (उपाध्यक्ष), श्री बी.पी. कुरील (कोषाध्यक्ष), श्री यशवंत भोसले, श्री एन.के. शर्मा, श्री के.पी. अग्रवाल, श्री राजेश देवांगन, श्री प्रदीप अग्रवाल, श्री सोनी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी एसोसिएशन के सचिव श्री बेनीराम गायकवाड़ द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
