रायपुर। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष पी.आर. यादव ने पंकज नायक को प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। वहीं, रायपुर जिला शाखा के अध्यक्ष पद पर विश्वनाथ ध्रुव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की गई हैं।एसोसिएशन की रायपुर जिला शाखा की मासिक बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों एवं पदाधिकारियों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पंकज नायक को प्रांतीय कार्यकारिणी में जिम्मेदारी देने तथा रायपुर जिला शाखा के नए अध्यक्ष के चयन पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों निर्णयों पर सर्वसम्मति से सहमति जताई।बैठक के पश्चात प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार ने नए पदाधिकारियों के मनोनयन की घोषणा की तथा प्रांतीय इकाई की ओर से विधिवत मनोनयन पत्र जारी किए गए।
पंकज नायक पूर्व में रायपुर जिला शाखा के अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। अब प्रांतीय उपाध्यक्ष के रूप में वे प्रदेश स्तर पर संगठन के विस्तार, पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण और विभिन्न जिलों के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य करेंगे। वहीं, विश्वनाथ ध्रुव रायपुर जिला शाखा के अध्यक्ष के रूप में जिले के पेंशनरों को संगठित करने, उनकी समस्याओं एवं मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का दायित्व निभाएंगे।
नवनियुक्त प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज नायक एवं जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ध्रुव को संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि दोनों पदाधिकारी संगठन की एकजुटता, मजबूती तथा पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए सक्रियता से कार्य करेंगे।उपरोक्त जानकारी जिला शाखा रायपुर के सचिव बेनी राम गायकवाड़ ने दी।
