महाराजा चौक से बोरसी तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ

निगम प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त कार्रवाई, जेसीबी से हटाए जा रहे बाधक निर्माण
फोरलेन सड़क निर्माण और पाइपलाइन शिफ्टिंग को लेकर प्रशासन सख्त, लगातार चल रहा निरीक्षण
200 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित, कई लोगों ने स्वयं हटाए कब्जे और निर्माण
दुकान, बाउंड्रीवाल, शेड और पक्के निर्माणों पर निगम का एक्शन जारी
दुर्ग/22 मई। नगर निगम प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा महाराजा चौक से बोरसी मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार तेज कर दी गई है। संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर बाधक निर्माणों को हटाने में जुटी हुई है।प्रशासन द्वारा महाराजा चौक से बोरसी मार्ग तथा मिनीमाता चौक पुलगांव से जेल तिराहा चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण एवं पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्रवाई का असर अब दिखाई देने लगा है और कई अतिक्रमणकर्ता स्वयं आगे आकर अपने कब्जे हटा रहे हैं।जानकारी के अनुसार सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र में 200 से अधिक स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें दुकान, बाउंड्रीवाल, शेड और अन्य पक्के निर्माण शामिल हैं, जो विकास कार्यों में बाधा बन रहे थे।कार्रवाई के दौरान निगम और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कार्रवाई के दौरान होने वाले नुकसान के लिए संबंधित व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होंगे।
