दुर्ग के चंद्रशेखर आजाद स्कूल में सनसनी: 10वीं के छात्र ने 5 बच्चों को खिलाई नींद की गोलियां, एक की हालत गंभीर

दुर्ग के चंद्रशेखर आजाद स्कूल में सनसनी: 10वीं के छात्र ने 5 बच्चों को खिलाई नींद की गोलियां, एक की हालत गंभीर

दुर्ग। शहर के पंचशील नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल में एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं के छात्र ने कथित रूप से पांच स्कूली बच्चों को नींद की गोलियां दे दीं। गोलियां खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।बताया जा रहा है कि इस घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चों की तबीयत लगातार खराब रहने पर परिजन स्कूल पहुंचे और जानकारी ली।

जांच में पता चला कि यह घटना करीब तीन दिन पहले स्कूल परिसर में हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच प्रभावित बच्चों में से एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। तीन बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि एक बच्चे को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टर सभी बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन बड़ी संख्या में स्कूल और संबंधित थाने पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नींद की गोलियां स्कूल तक कैसे पहुंचीं तथा किन परिस्थितियों में बच्चों को दी गईं।यह घटना स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, निगरानी और प्रतिबंधित दवाओं की पहुंच को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट होगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?