धुमका नगर पंचायत चुनाव: भाजपा ने कसी कमर, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व विधायक ललित चन्द्राकर ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक
“बूथ जीता तो चुनाव जीता” – किरण सिंह देव”हर कार्यकर्ता कमल खिलाने को संकल्पित” – ललित चन्द्राकर
धुमका, 26 मई 2026। धुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चन्द्राकर धुमका पहुंचे।दोनों वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय भाजपा कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी श्रीमती किरण वर्मा सहित सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनावी रणनीति पर मंथन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि धुमका में कमल खिलाने के लिए बूथ स्तर तक मजबूती से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और केंद्र की मोदी सरकार तथा प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में भाजपा का बोर्ड बनने से “ट्रिपल इंजन सरकार” बनेगी, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मंत्र के साथ कार्य करने का आह्वान किया।विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि धुमका की जनता बदलाव के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष प्रत्याशी श्रीमती किरण वर्मा एवं सभी पार्षद प्रत्याशी जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंतिम समय तक पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ मैदान में डटे रहने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से धुमका नगर पंचायत में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।बैठक में बूथ प्रबंधन को मजबूत करने, मतदाता सूची के सूक्ष्म अवलोकन, डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान तथा मतदान दिवस की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष, धुमका मंडल अध्यक्ष, नगर पंचायत चुनाव प्रभारी एवं सह-प्रभारी, मंडल महामंत्री, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला व मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी एवं सह-प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
