नक्सलियों के छिपाए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, 3 किलो टिफिन IED और पाइप बम भी किए गए निष्क्रिय
कांकेर/नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चल रहे सुरक्षा बलों के अभियान के बीच कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने हेटारकसा और जपमारका के जंगलों में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा डंप बरामद किया है।तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक .303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की।
मौके पर 3 किलोग्राम वजनी टिफिन IED और दो पाइप बम भी मिले, जिन्हें बम निरोधक दस्ते (BDS) ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बस्तर में नक्सल गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद अब जंगलों में वर्षों पहले छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों को खोजकर बरामद करना सुरक्षा बलों के सामने बड़ी चुनौती है। इसी उद्देश्य से सीमावर्ती और दुर्गम इलाकों में लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है ।
यह पूरी कार्रवाई बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा और कांकेर एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के हथियारों के भंडार को नष्ट करने और क्षेत्र को पूरी तरह नक्सलवाद मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
