गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 1 टिप्पर और 3 ट्रैक्टर जब्त
रायपुर, 19 जुलाई 2026।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 1 टिप्पर और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान सिलपहरी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर, सधवानी क्षेत्र से गिट्टी ले जा रहा एक ट्रैक्टर तथा भदौरा क्षेत्र से मिट्टी-मुरूम का अवैध परिवहन कर रहे एक टिप्पर को जब्त किया गया।
सभी वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा होने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासकीय राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
