वनांचल क्षेत्र की शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर बीईओ दीपक ठाकुर का जोर
कुई-कुकदुर। विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने सोमवार, 13 जुलाई 2026 को वनांचल क्षेत्र के विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता की समीक्षा के लिए दो चरणों में बैठक ली। प्रथम पाली में संकुल केंद्र देवसरा एवं खैरझिटी पुराना की संयुक्त समीक्षा बैठक देवसरा में तथा द्वितीय पाली में संकुल केंद्र पोलमी, भाकूर एवं सेंदूरखार की संयुक्त बैठक पोलमी में संपन्न हुई।बैठक में श्री ठाकुर ने शिक्षा गुणवत्ता, नियमित पठन-पाठन, इमला, लेखन अभ्यास, पहाड़ा, समय-सारिणी, दैनंदिनी, स्वच्छता एवं शासन की शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।संकुल समन्वयक अशोक कुमार पाण्डेय, धर्मेंद्र जायसवाल एवं नारायण कुंभकार ने उनका स्वागत किया। बैठक में प्रधान पाठक राजेन्द्र नेताम, ईश्वर परस्ते, संतराम सोनवानी,रोशन कौशिल,श्रीमती चंद्रिका पुसाम सहित तीनों संकुलों के सभी प्रधान पाठक उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि दीपक ठाकुर का इस वनांचल क्षेत्र से पुराना जुड़ाव रहा है। यहाँ शिक्षक के रूप में सेवाएँ देने के कारण वे क्षेत्र की परिस्थितियों एवं शैक्षणिक चुनौतियों से भली-भाँति परिचित हैं, जिसका लाभ निश्चित रूप से वनांचल के विद्यालयों और विद्यार्थियों को मिलेगा।
बैठक के उपरांत विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने हाई स्कूल परिसर, पोलमी में गूलर का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
