मरीजों की सुविधा और ब्लड बैंक में रक्त की कमी को लेकर कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन

फेफड़ा मरीजों की सुविधा और ब्लड बैंक में रक्त की कमी को लेकर कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन

दुर्ग। स्व. पांडुरंग राव जिला चिकित्सालय में फेफड़ों के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और ब्लड बैंक में रक्त की कमी दूर करने की मांग को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में 500 बिस्तरों वाले जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन 1000 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। यहां दुर्ग जिले के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने आते हैं। अस्पताल के ओपीडी स्थित मेडिसिन विभाग में नई स्पायरोमीटर मशीन स्थापित है, लेकिन उसका संचालन शुरू नहीं होने से फेफड़ों की जांच नहीं हो पा रही है।

इसके कारण श्वास एवं फेफड़ों से संबंधित मरीजों को निजी या अन्य संस्थानों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ रहा है।ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अस्पताल में स्थापित नई स्पायरोमीटर मशीन का शीघ्र संचालन शुरू कराया जाए, ताकि मरीजों को जिला चिकित्सालय में ही जांच और उपचार की सुविधा मिल सके।इसके साथ ही जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में मापदंड के अनुसार रक्त की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में प्रशासन से विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और समाजों के सहयोग से जल्द से जल्द स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कराने की अपील की गई, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

यह ज्ञापन जिला चिकित्सालय की जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर एवं मानद सदस्य प्रशांत डोंगांवकर द्वारा सौंपा गया। कलेक्टर ने ज्ञापन पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?