राष्ट्रीय जनजाति सांस्कृतिक समागम में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जनजातीय संस्कृति को बताया देश की अमूल्य धरोहर
नई दिल्ली। विष्णुदेव साय आज ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित राष्ट्रीय जनजाति सांस्कृतिक समागम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों और लोगों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनकी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की सराहना की।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करता आया है।
उनकी संस्कृति, परंपराएं और जीवन शैली भारत की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने जनजातीय भाषा, संस्कृति और पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के विकास और सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार कश्यप एवं रामविचार नेताम भी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम स्थल पर रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की।
राष्ट्रीय जनजाति सांस्कृतिक समागम में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
