सुकमा में नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

सुकमा में नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के बड़े नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। सुकमा पुलिस, कोबरा बटालियन और CRPF की संयुक्त टीम ने चिंतलनार, चिंतागुफा और कुकानार थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सर्चिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की है।

जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर तुमालपारा, गादम, नागाराम और ईरापल्ली के पहाड़ी इलाकों में लगातार चार दिनों तक अलग-अलग ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को खोज निकाला।ऑपरेशन में 8 भरमार बंदूक, AK-47 के 29 राउंड, 3 BGL सेल, 42 डेटोनेटर, 12 हैंड ग्रेनेड और करीब 10 किलो जिलेटिन बरामद किया गया।

इसके अलावा लैपटॉप, वायरलेस सेट, सोलर बैटरी, नक्सली झंडे, बॉल बेयरिंग और माइनिंग पाइप जैसी सामग्री भी जब्त की गई है।यह कार्रवाई DSP रविकांत सहारे और सहायक कमांडेंट सुभांजय कर्मकार के नेतृत्व में की गई। अभियान में 201 कोबरा बटालियन, 226 एवं 131 CRPF के जवान शामिल रहे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद सामग्री का उपयोग नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और बड़े हमले की साजिश में करने वाले थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

चार दिनों तक चले इस कठिन ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए। वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए इसे सुकमा जिले में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

लगातार हो रही कार्रवाई से इलाके में नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा है और सुरक्षा बलों का दबदबा मजबूत हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?