सुशासन तिहार शिविर में विधायक ललित चन्द्राकर ने बांटे हितग्राहियों को लाभ अधिकारियों को चेतावनी — आवेदन निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
थनौद/दुर्ग, 29 मई। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “सुशासन तिहार-2026” के अंतर्गत ग्राम थनौद में आयोजित समाधान शिविर में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया और अधिकारियों को तय समय-सीमा में आवेदन निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी वितरित की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राही को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। मनरेगा के तहत परिवारों को जॉब कार्ड और समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राइसिकल प्रदान किए गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की गारंटी और मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, रामलला दर्शन, मुख्यमंत्री तीर्थ योजना, तेंदूपत्ता बोनस और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुशासन तिहार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण निराकरण तय समय-सीमा में होना चाहिए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक चन्द्राकर ने कहा कि गर्भवती माताओं को सुपोषण टोकरी देकर स्वस्थ छत्तीसगढ़ की नींव रखी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है। जॉब कार्ड से ग्रामीणों को गांव में रोजगार मिल रहा है और ट्राइसिकल मिलने से दिव्यांगजनों का जीवन आसान होगा। उन्होंने कहा कि यही सुशासन का वास्तविक उद्देश्य है — हर हाथ को काम, हर सिर पर छत और हर चेहरे पर मुस्कान।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति प्रिया साहू, दुर्ग जनपद पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
