पंडरिया में भव्यता से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, चंद्रकांत यादव हुए शामिल

पंडरिया | 9 अगस्त 2026। पंडरिया शहर में प्रकृति, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण का संदेश देते हुए विश्व आदिवासी दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में सर्व यादव समाज (युवा) के जिला उपाध्यक्ष चंद्रकांत यादव विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।समारोह को संबोधित करते हुए चंद्रकांत यादव ने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति से जुड़े जीवन मूल्यों को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की जीवनशैली प्रकृति के संरक्षण का संदेश देती है, जो वर्तमान समय में पूरे मानव समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने समाज के लोगों से संविधान, विभिन्न कानूनों और अपनी पारंपरिक विरासत के संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मातृभाषा, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत-संगीत और सांस्कृतिक विरासत ही किसी समाज की वास्तविक पहचान हैं। नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में यादव ने क्षेत्रवासियों एवं आदिवासी समाज के सभी भाई-बहनों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
