शिक्षक दिवस पर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक करेंगे न्याय पदयात्रा, पदोन्नति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री निवास तक पहुंचेंगे

दुर्ग -रायपुर। छत्तीसगढ़ में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति का मामला एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। वर्षों से पदोन्नति की प्रक्रिया लंबित होने से नाराज टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक अब अपने अधिकार और सम्मान की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की तैयारी में हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को एक दिवसीय “न्याय पदयात्रा एवं शांतिपूर्ण सत्याग्रह” का आयोजन किया जाएगा।

टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ एवं समस्त शिक्षक साथियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत शिक्षक अपनी मांगों को लेकर एकजुट होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम 5 सितंबर को सुबह 11 बजे से शिक्षा मंत्री के निवास, नया रायपुर में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने प्रदेशभर के टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने की मांगशिक्षकों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दी हैं और पात्रता परीक्षा यानी टीईटी उत्तीर्ण करने के बावजूद उनकी पदोन्नति प्रक्रिया लंबित है।

ऐसे में शिक्षकों का कहना है कि उनकी पात्रता, योग्यता और सेवा अनुभव को ध्यान में रखते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।शिक्षक संगठनों ने वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से पदोन्नति सूची जारी करने तथा प्रक्रिया में हो रहे अनावश्यक विलंब को समाप्त करने की मांग उठाई है। इन नियमों के पालन की भी मांगआंदोलन के आयोजकों ने पदोन्नति प्रक्रिया में संबंधित नियमों और प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
उनकी प्रमुख मांगों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों, छत्तीसगढ़ राजपत्र अधिनियम 2026, नई शिक्षा नीति 2026 और NCTE के प्रावधानों का पालन शामिल है।शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति प्रक्रिया में स्पष्टता और पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि पात्र शिक्षकों को उनका अधिकार मिल सके और किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय की स्थिति उत्पन्न न हो।गांधीवादी तरीके से होगा सत्याग्रहआयोजकों ने स्पष्ट किया है कि न्याय पदयात्रा और सत्याग्रह पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।
आंदोलन को गांधीवादी सत्याग्रह के सिद्धांतों पर आधारित बताते हुए शिक्षकों से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।आयोजकों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक साथियों से आह्वान करते हुए कहा है कि अपने हक, सम्मान और न्याय की लड़ाई में एकजुट होकर आगे आएं। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में शिक्षक इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी एकता और मांगों के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करेंगे।
मुख्य मांग: टीईटी उत्तीर्ण एवं पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से अविलंब पूर्ण किया जाए।
