पेंशनर्स की मांगों को लेकर राजधानी में होगा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री- मुख्य सचिव को सौंपेंगे ज्ञापन
रायपुर, 13 जून 2026। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने प्रदेश के पेंशनर्स की लंबित मांगों के निराकरण के लिए राजधानी रायपुर में जल्द ही बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।यह निर्णय कर्मचारी भवन, गौरव पथ रायपुर में आयोजित एसोसिएशन की संभागीय एवं जिला शाखा रायपुर की संयुक्त मासिक बैठक में लिया गया।
बैठक प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव के मुख्य आतिथ्य और संरक्षक आर.के. त्रिवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री उमेश मुदलियार, वरिष्ठ पदाधिकारी विश्वनाथ ध्रुव सहित विभिन्न जिलों और विकासखंडों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक में प्रदेश के लगभग 1.38 लाख पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से पेंशनर्स अपनी न्यायोचित मांगों के निराकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं हो पाया है। इस पर शासन स्तर पर प्रभावी पहल की आवश्यकता जताई गई।
प्रमुख मांगेंबैठक में पेंशनर्स की छह प्रमुख मांगों को प्रमुखता से रखा गया, जिनमें 2 प्रतिशत अंतरिम राहत का भुगतान एरियर सहित, सभी पेंशनर्स को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, आयकर में विशेष छूट, वरिष्ठ पेंशनर्स के लिए निःशुल्क तीर्थयात्रा योजना, 70 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स को 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन तथा अन्य लंबित समस्याओं का समयबद्ध निराकरण शामिल है।संगठन विस्तार पर जोरबैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को भी गति देने का निर्णय लिया गया।
सभी जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव ने कहा कि पेंशनर्स की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत और व्यावहारिक हैं। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण फिलहाल आंदोलन की तिथि तय नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही प्रदेश स्तरीय रणनीति बनाकर राजधानी में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
नए पदाधिकारियों की नियुक्तिबैठक के दौरान रायपुर कलेक्टोरेट से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पेंशनर्स विनोद सिन्हा एवं भागीरथी वर्मा ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। उनका स्वागत एवं सम्मान करने के साथ ही विनोद सिन्हा को अभनपुर ब्लॉक अध्यक्ष तथा भागीरथी वर्मा को संभागीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को आर.के. त्रिवेदी, पी.आर. यादव, उमेश मुदलियार, विश्वनाथ ध्रुव, विमल चंद्र कुंडू सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संभागीय अध्यक्ष विमल चंद्र कुंडू ने किया, जबकि अंत में प्यारे लाल सेन ने आभार व्यक्त किया।
