अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, 7 आईईडी बरामद कर मौके पर किया नष्ट
नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। नारायणपुर पुलिस और 29वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान के दौरान 6 प्रेशर कुकर आईईडी और 1 पाइप बम आईईडी समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। सुरक्षा बलों ने बरामद आईईडी को निर्धारित सुरक्षा मानकों और सावधानियों के साथ मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रेनार कैंप से मासोली–मटवाड़ा–रेनार क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा सर्चिंग एवं क्षेत्र सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मटवाड़ा क्षेत्र में एक संदिग्ध स्थान से आईईडी बरामद हुई।मौके से आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री भी मिली, जिसमें मल्टीमीटर, पेचकस, सोल्डरिंग तार, सोल्डरिंग आयरन और वाहनों के लॉक खोलने वाली चाबियां शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने पूरी कार्रवाई के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतते हुए विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से नष्ट किया।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़े नुकसान को टालने में सफलता मिली है। अबूझमाड़ में लगातार सर्चिंग और सैनिटाइजेशन अभियान जारी रखने की बात सुरक्षा बलों ने कही है।
