भिलाई में 26 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या

सड़क पर मांगी थी लिफ्ट… कुछ ही मिनटों की बहस बनी मौत की वजह! भिलाई में 26 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या।

भिलाई के नेहरू नगर चौक ढिल्लन होटल के पास से शनिवार रात एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने मामूली विवाद को खूनी अंजाम में बदल दिया।कैंप-1 निवासी 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह चिचोला जाने के लिए नेहरू नगर चौक पर लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहा था। रात करीब 11:30 बजे उसने पहले एक ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक नहीं रुका।इसके बाद शिव कुमार ने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की बाईं जांघ के ऊपर सामने की तरफ वार कर दिया।चाकू लगते ही शिव कुमार सड़क पर गिर पड़ा और उसके पैर से तेजी से खून बहने लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि आरोपी दो स्कूटियों पर सवार थे। इनमें चार युवक और एक लड़की के होने की जानकारी पुलिस को मिली है। वारदात के बाद आरोपी नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की तरफ गए और फिर टाउनशिप की ओर फरार हो गए।

शिव कुमार उस रात अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। वह कैंप-1 के सुभाष चौक स्थित 151-डी का रहने वाला था और चिचोला में दुकान चलाता था।घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को हाईटेक अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया।लेकिन इलाज के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार की मौत हो गई।युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

घटना के समय शिव कुमार का दोस्त शिशांत भी वहां मौजूद था, लेकिन वारदात इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों की स्कूटी का नंबर नहीं देख सका।अब पुलिस नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे और अंडरब्रिज की तरफ लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी वारदात के बाद किस रास्ते से टाउनशिप की ओर भागे।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और हत्या की पूरी वजह पता लगाने में जुटी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?