दुर्ग में आकाशीय बिजली का कहर, मजदूर की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

ओले के साथ तेज बारिश के बीच दो बार गिरी बिजली, निर्माणाधीन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में प्लास्टर का काम कर रहे थे मजदूर

दुर्ग। दुर्ग में बुधवार शाम अचानक बदले मौसम के बीच तेज बारिश और ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत महेश कॉलोनी स्थित हाउसिंग बोर्ड की निर्माणाधीन कॉलोनी में काम कर रहे मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 वर्षीय दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम दुर्ग में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश एवं ओलावृष्टि शुरू हो गई। इसी दौरान पुलगांव क्षेत्र की महेश कॉलोनी में हाउसिंग बोर्ड की निर्माणाधीन कॉलोनी में करीब 5 से 6 मजदूर प्लास्टर का काम कर रहे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में दूसरी बार बिजली गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
बिजली की चपेट में आने से एक मजदूर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया।हादसे में मृतक की पहचान 20 वर्षीय मनोहर यादव, निवासी लोरमी के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय राहुल निषाद बिलासपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के दौरान मौजूद अन्य मजदूरों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद निर्माणाधीन कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं घायल मजदूर की हालत को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस मामले की आवश्यक जांच में जुटी है।
