अधिवक्ता परिषद की बैठक में संगठनात्मक मजबूती और मातृशक्ति को जोड़ने पर जोर

दुर्ग। अधिवक्ता परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की जिला इकाई दुर्ग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का प्रमुख उद्देश्य संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था को बेहतर करना रहा।
बैठक में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद की मध्य भारत सहसंयोजक झरना बांगर सिंह ने जिला कार्यकारिणी की समीक्षा की। उन्होंने संगठन के सुचारू संचालन के लिए सभी प्रमुख आयाम प्रमुखों की घोषणा जल्द करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं से परिषद की रीति-नीति को अधिक से अधिक वकीलों तक पहुंचाने और नए अधिवक्ताओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति यानी महिला अधिवक्ताओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संगठन में निरंतरता बनाए रखने के लिए जिला इकाई को साप्ताहिक, पाक्षिक अथवा मासिक समन्वय बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।बैठक में मध्य भारत सहसंयोजक झरना बांगर सिंह, बस्तर संभाग प्रमुख सपन देवांगन, जिला संरक्षक सुदर्शन महलवार, जिला अध्यक्ष दीपेन्द्र देशमुख सहित समीर त्रिपाठी, राजेश महादिक, मनोज मून, कविता गिरी गोस्वामी, नीता साहू, देवेन्द्र साहू, विनोद देवांगन, अलेन्द्र देवांगन एवं कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
