छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

सर्वसम्मति से कन्हैया कुमार अध्यक्ष, नंदन सिंह गोसाई सचिव और नंद कुमार गोंड़ कोषाध्यक्ष निर्वाचित
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ भवन शासकीय कर्मचारी विभागीय समिति, नई दिल्ली का स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष मनीष ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।समारोह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना एवं छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर अतिथियों ने संगठन की एकता, मजबूती और कर्मचारी हितों के संरक्षण पर अपने विचार रखे।विशेष अतिथि मनीष ठाकुर ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता और सामूहिक प्रयासों में निहित होती है। संगठन को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सभी सदस्यों को आपसी समन्वय, सहयोग और एकता के साथ कार्य करना चाहिए।कार्यक्रम में समिति के कोषाध्यक्ष समय सिंह एवं ऑल इंडिया गवर्नमेंट ड्राइवर्स कन्फेडरेशन के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम ने भी अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।समारोह के दौरान समिति का निर्वाचन भी संपन्न हुआ। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पूर्व पदाधिकारियों पर पुनः विश्वास जताते हुए कन्हैया कुमार को अध्यक्ष, नंदन सिंह गोसाई को सचिव तथा नंद कुमार गोंड़ को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकता बनाए रखने, समिति के उद्देश्यों की पूर्ति तथा कर्मचारी हितों के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह का समापन आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकता और भविष्य में मिलकर कर्मचारी हितों के लिए कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
