मातृत्व एवं शिशु विभाग में ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत 10 माताओं को भेंट किए गए पौधे

बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
दुर्ग। पाण्डु रंग राव जिला चिकित्सालय के अंतर्गत संचालित मातृत्व एवं शिशु विभाग के तृतीय तल में ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 10 नवजात बच्चियों की माताओं को पौधे भेंट किए गए।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लोगों को जागरूक करना, रूढ़िवादी मानसिकता को समाप्त करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करना था। पौधा भेंट कर नवजात बेटियों के जन्म को खुशियों और हरियाली के साथ जोड़ने का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन विगत कई महीनों से जीवनदीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर द्वारा निरंतर किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से बेटी के जन्म पर पौधा भेंट कर समाज में बेटियों के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।इस अवसर पर श्री सत्य साईं सेवा समिति के साईं भक्त हरीश चंद ठाकुर, आर. मुदलियार, करणी सेना के जिला अध्यक्ष नीलू सिंह, ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर, वार्ड सिस्टर स्वाति, प्रदीप, राधिका सहित अन्य लोगों की गरिमामय उपस्थिति रही।
सभी ने अभियान में सक्रिय योगदान देते हुए इसकी सराहना की।
