TET आधारित पदोन्नति प्रक्रिया रोकने की मांग, शिक्षक साझा मंच ने दी स्कूल बंद करने की चेतावनी

दुर्ग / छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। TET के आधार पर तैयार की जा रही पदोन्नति सूची और प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग को लेकर शिक्षक साझा मंच ने शासन के सामने अपनी मांग रखी है। मंच ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। वहीं मांगें पूरी नहीं होने पर शिक्षकों ने स्कूल बंद करने की चेतावनी दी है।विस्तार- शिक्षक साझा मंच छत्तीसगढ़ ने 31 अगस्त 2026 को शासन के नाम पत्र सौंपकर TET आधारित पदोन्नति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

मंच का कहना है कि सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता और पदोन्नति का मुद्दा प्रदेश के हजारों शिक्षकों के भविष्य और सेवा सुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है।शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए मंच ने कहा कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया था कि TET के आधार पर किसी वरिष्ठ शिक्षक का अहित नहीं होगा। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत वरिष्ठ शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक आवश्यक अवसर और समय दिए जाने की बात कही गई है।
शिक्षक साझा मंच का आरोप है कि शासन स्तर पर आश्वासन के बावजूद कुछ जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा TET को आधार बनाकर पदोन्नति सूची तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इससे सेवारत शिक्षकों में असमंजस और भय की स्थिति निर्मित हो रही है।मंच ने मांग की है कि TET से संबंधित अंतिम नीति और शासन का स्पष्ट निर्णय होने तक किसी भी वरिष्ठ शिक्षक को TET के आधार पर पदोन्नति से वंचित न किया जाए।
साथ ही पदोन्नति में शिक्षकों की वरिष्ठता को प्राथमिक आधार बनाए जाने की मांग की गई है।शिक्षकों ने सभी DEO को तत्काल स्पष्ट निर्देश जारी करने, TET आधारित पदोन्नति सूची को अंतिम रूप नहीं देने और पूरी प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर शिक्षकों ने स्कूल बंद कर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।
