निगम घेराव को लेकर कांग्रेस की जनसंपर्क बैठक, वार्ड 57 में उठीं मूलभूत समस्याएं

दुर्ग। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं पार्षद दल द्वारा शहर की जनसमस्याओं के समाधान और जनहित की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से आगामी 18 मई, सोमवार को प्रस्तावित “नगर पालिक निगम दुर्ग घेराव” कार्यक्रम को लेकर वार्ड क्रमांक 57 उरला पूर्व स्थित अटल आवास में जनसंपर्क एवं जनसमस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों ने बिजली कटौती, अनियमित पेयजल आपूर्ति, नाली सफाई में लापरवाही, सार्वजनिक शौचालयों की गंदगी तथा वृद्धा पेंशन में हो रही देरी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

स्थानीय नागरिकों ने निगम प्रशासन से इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। इस अवसर पर पश्चिम ब्लॉक प्रभारी पोषण साहू, छाया महापौर प्रेमलता साहू, पूर्व पार्षद जमुना साहू, बृजलाल पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, छबिलाल साहू, विनोद साहू, प्रीतम देशमुख एवं हिमांशु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि निगम प्रशासन द्वारा जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 18 मई को प्रस्तावित “नगर पालिक निगम दुर्ग घेराव” कार्यक्रम के माध्यम से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
