जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर प्रधान पाठक मोहन सिंह राजपूत ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर प्रधान पाठक मोहन सिंह राजपूत ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश विशेष अवसरों पर पौधे लगाने की अपील, स्कूली बच्चों को कराया नेवता भोज

कुंडा/पंडरिया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पर्यावरण संरक्षण समिति पंडरिया के संयोजक एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय कुंडा के प्रधान पाठक मोहन सिंह राजपूत ने अपने जन्मदिन को अनोखे अंदाज में मनाया। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्कूली बच्चों को नेवता भोज भी कराया।श्री राजपूत ने नगर के मंडी प्रांगण में कदंब का पौधा रोपा।

इसके बाद कुंडा स्कूल परिसर एवं शिशु मंदिर में बच्चों और पर्यावरण संरक्षण समिति के सदस्यों के साथ कदंब के दो पौधे लगाए। ग्राम डोमसरा के मिडिल स्कूल परिसर में अशोक के 6, गुलमोहर के 2 तथा कदंब के 2 पौधों का रोपण किया गया। समिति द्वारा इससे पूर्व नीम, पीपल, बरगद, आम और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी लगाए जा चुके हैं।इस अवसर पर मोहन सिंह राजपूत ने कहा कि “पेड़ ही जीवन हैं।

आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और शुद्ध पर्यावरण देने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे खुशी के अवसरों को पौधा लगाकर और भी यादगार बनाया जा सकता है।”उल्लेखनीय है कि श्री राजपूत पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी टीम द्वारा पंडरिया नगर में अब तक 3 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। समिति के प्रयासों से नगर में लोग जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर पौधारोपण करने लगे हैं।

लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी समिति के सदस्यों द्वारा की जाती है।बच्चों को कराया नेवता भोजजन्मदिन के अवसर पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय कुंडा के बच्चों को केला एवं लड्डू खिलाकर नेवता भोज कराया गया। वहीं मिडिल एवं प्राथमिक शाला डोमसरा में भी नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को भजिया, खीर, पूरी, सब्जी, दाल, चावल और लड्डू परोसे गए। कार्यक्रम में बीईओ दीपक ठाकुर ने कहा कि नेवता भोज से बच्चों में सामाजिकता और सद्भाव की भावना विकसित होती है।

एबीईओ अवनीश जायसवाल एवं कैलाश साहू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में परस्पर मित्रता, सहयोग की भावना बढ़ती है तथा विद्यालय और गांव के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित होता है।इस दौरान सीएसी ईश्वर तिवारी, शत्रुहन डड़सेना, मक्खन सोनवानी, अश्वनी चंद्राकर, कुमुदिनी तिवारी, शोभनाथ साहू, पवन पाठक, सरपंच प्रतिनिधि संतोष सोयाम, अनुज जायसवाल, घांसीराम जायसवाल, घांसी पटेल, रमेश जायसवाल, दुर्जन चंद्राकर, डिगेश्वर पटेल, ललित पटेल, ब्रजेश बांधकर, परदेशी पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?