नाली निर्माण के लिए खुदाई के दौरान मिला नर कंकाल, किशुनगढ़ में फैली सनसनी
कबीरधाम। पंडरिया विकासखंड के ग्राम किशुनगढ़ में नाली निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पॉलीथिन का थैला, चप्पल और अन्य सामग्री मिलने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।जानकारी के अनुसार, गांव में जी राम जी योजना के तहत नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था।
इसी दौरान जमीन की खुदाई करते समय नर कंकाल दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलने पर पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने नर कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान, कंकाल के वहां मिलने के समय और परिस्थितियों का पता नहीं चल पाया है। मौके से मिली अन्य सामग्री का कंकाल से क्या संबंध है, यह भी जांच का विषय है।पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल नर कंकाल मिलने से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों की नजर अब पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी है।
