इंटरसेप्टर की सख्ती: 75 दिनों में 2154 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 18.29 लाख वसूले

इंटरसेप्टर की सख्ती: 75 दिनों में 2154 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 18.29 लाख वसूले

दुर्ग, 18 मार्च। दुर्ग पुलिस के यातायात विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सघन अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से बीते 75 दिनों में कुल 2154 लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 18 लाख 29 हजार रुपये समंस शुल्क वसूला गया है।यातायात पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया, जिसमें 474 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 3,96,000 रुपये वसूले गए। वहीं नशे में वाहन चलाने वाले 52 चालकों से 5,22,000 रुपये का समंस शुल्क लिया गया।

इसके अलावा ब्लैक फिल्म, प्रेशर हार्न जैसे उल्लंघनों पर 60 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि नो पार्किंग व अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1568 चालकों पर चालान काटा गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन में 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरा, स्पीड मापने की आधुनिक मशीन, ध्वनि विस्तारक यंत्र और ई-चालान सिस्टम लगाया गया है। यह वाहन करीब 200 मीटर दूरी से ही वाहनों की गति मापकर नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने में सक्षम है।

यातायात पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस पूरी कार्रवाई में इंटरसेप्टर स्टाफ और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तय गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें।

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी अहम है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?