नारायणपुर में कई स्कूलों का समय बदला, दोपहर बाद लटके ताले; DEO ने दिए कार्रवाई के संकेत
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में 16 मार्च से कक्षा पांचवीं की केंद्रीकृत बोर्ड परीक्षा शुरू हो चुकी है, वहीं 17 मार्च से कक्षा आठवीं की परीक्षा भी प्रारंभ हो रही है। इन परीक्षाओं को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया जाना है।इसके बावजूद नारायणपुर विकासखंड के कई स्कूलों में समय-सारणी में बिना किसी आधिकारिक आदेश के बदलाव कर दिया गया। प्राथमिक शाला मुण्डाटिकरा, प्राथमिक शाला छोटेडोंगर, बेड़मा और उच्च प्राथमिक शाला राजपुर में दोपहर 1 बजे के बाद स्कूलों में ताला लटका मिला, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) नारायणपुर ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के समय में किसी प्रकार के बदलाव का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन संस्था प्रमुखों और शिक्षकों ने मनमाने ढंग से समय में परिवर्तन किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है, वहीं प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
