पशु मित्र काल्विंग कैलकुलेटर मोबाइल ऐप का विमोचन
दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में पशुपालकों, डेयरी किसानों, पशु चिकित्सकों एवं मैत्री कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए विकसित ‘पशु मित्र काल्विंग कैलकुलेटर’ मोबाइल ऐप का आधिकारिक विमोचन कुलपति डॉ. आर.आर.बी. सिंह ने किया।ऐप का निर्माण कुलपति के मार्गदर्शन में निदेशक विस्तार शिक्षा एवं प्रभारी प्राचार्य, वेटरनरी पॉलिटेक्निक महासमुंद डॉ. मनोज कुमार गेंदले के नेतृत्व तथा डॉ. श्रीमती गोविना देवांगन के सहयोग से किया गया है।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. भानु प्रताप राठिया, अधिष्ठाता डॉ. सुशांत पाल, डॉ. संजय शाक्य, विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉ. दिलीप चौधरी, डॉ. मेहताब सिंह परमार, डॉ. श्रीमती गोविना देवांगन, श्री संजीव जैन एवं श्रीमती अर्चना खोब्रागडे उपस्थित रहे।कुलपति डॉ. सिंह ने कहा कि यह ऐप पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, प्रजनन एवं पशु प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों की सटीक गणना में सहायता करेगा। इससे पशुपालक सही समय पर आवश्यक प्रबंधन संबंधी निर्णय ले सकेंगे।डॉ. मनोज गेंदले ने बताया कि ‘पशु मित्र’ ऐप हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
इसमें गाय एवं भैंस के प्रजनन से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों की गणना आसानी से की जा सकती है।डॉ. श्रीमती गोविना देवांगन ने बताया कि ऐप में कृत्रिम गर्भाधान अथवा सर्विस की तिथि दर्ज करने पर एक क्लिक में पुनः गर्मी में आने की संभावित तिथि, गर्भ परीक्षण की तिथि, अनुमानित प्रसव तिथि तथा दूध छुड़ाने की तिथि की गणना की जा सकती है। इससे पशुपालकों को पशु के स्वास्थ्य, प्रजनन एवं दुग्ध उत्पादन चक्र के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
ऐप की विशेषता यह है कि गणना की गई तिथियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से संबंधित व्यक्ति के साथ साझा भी किया जा सकता है। ‘पशु मित्र’ ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।इस ऐप के माध्यम से पशुपालकों एवं पशु चिकित्सकों को गाय-भैंस के प्रजनन संबंधी तिथियों की गणना के लिए सरल एवं उपयोगी डिजिटल सुविधा उपलब्ध हुई है।
