वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2.094 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
छुरा, छत्तीसगढ़। वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम गोंदलाबाहरा स्थित वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। विभागीय टीम ने वन भूमि पर की जा रही अवैध खेती को हटाकर लगभग 2.094 हेक्टेयर जमीन को पुनः अपने कब्जे में लिया।बताया गया कि यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मनीवासगन एस. के मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी जाधव श्रीकृष्ण के निर्देश पर की गई।
उप वनमंडलाधिकारी राजिम विकास चन्द्राकर के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।वन विभाग के अनुसार ग्राम गोंदलाबाहरा स्थित वन कक्ष क्रमांक पी-157 की भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी। विभागीय अमले ने जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की सहायता से अतिक्रमण हटाकर भूमि का समतलीकरण कराया।कार्रवाई के दौरान वन प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम प्रमुख एवं वन विभाग का अमला भी मौजूद रहा ।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
