‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत नवजात बेटियों की माताओं को पौधे भेंट

दुर्ग। जिला चिकित्सालय के मातृत्व एवं शिशु विभाग के तृतीय तल में “एक पौधा बेटी के नाम” अभियान के तहत नवजात बेटियों के जन्म पर उनकी माताओं को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं बेटियों के सम्मान का संदेश दिया गया।जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर ने 10 नवजात बच्चियों की माताओं को उपहार स्वरूप पौधे भेंट किए। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों के प्रति सम्मान, प्रोत्साहन और पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने वाली एक स्वस्थ परंपरा है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. ए.के. मिंज, गायनिक विभाग प्रमुख डॉ. बी.आर. साहू, मेट्रन सी. बोरकर, सिस्टर शाहनी चेरियन, दुर्ग जिला करनी सेना अध्यक्ष नीलू सिंह, ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर, सत्य साईं सेवा समिति के आर.के. तिवारी, संजय कानखोजे, जीवन दीप समिति के मानद सदस्य प्रशांत डोंगांवकर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बेटी के जन्म पर एक पौधा लगाने की परंपरा समाज में बेटियों के सम्मान के साथ-साथ हरित वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
