दुर्गा विसर्जन के दौरान चाकूबाजी, युवक के गले पर किया वार; हालत गंभीर
दुर्गा विसर्जन के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। भिलाई के रुआबांधा इलाके में विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि जय और उसके नाबालिग भाई ने सागर और गणपत के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्ग शहर के एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
