बीमा पॉलिसी रिफंड के नाम पर ₹1.60 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, दिल्ली से 3 अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार
दुर्ग। रेंज साइबर थाना दुर्ग पुलिस ने बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर करीब ₹1.60 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर लोगों से विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करवाते थे।पुलिस जांच में आरोपी मनमीत सिंह, ईशांत माहे उर्फ ईशु और अमनदीप सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लालच में बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी के लिए उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का उपयोग एक नाइजीरियन साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था।आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक और कई सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस को इनके बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन मिले हैं तथा विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज हैं।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट या निवेश के नाम पर आने वाले किसी भी कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
