वृहत्ताकार सहकारी समिति मर्यादित उतई को प्रदेश स्तर पर प्रथम उत्कृष्टता पुरस्कार, एनसीडीसी ने किया सम्मानित
रायपुर।वृहत्ताकार सहकारी समिति मर्यादित उतई ने सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। भारत सरकार के राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) के अंतर्गत रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में समिति को प्रदेश में प्रथम उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाजा गया।यह सम्मान सहकारिता सचिव, पंजीयक एवं प्रबंध संचालक (एमडी) अपेक्स बैंक द्वारा प्रदान किया गया। पुरस्कार स्वरूप समिति को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं 35 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर संस्था के प्राधिकृत अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा, समिति प्रबंधक गिरधर सोनी, लिपिक खोवालाल सहित समिति से जुड़े अन्य सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।समिति को मिला यह सम्मान न केवल उतई क्षेत्र बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। सहकारिता के माध्यम से पारदर्शी कार्यप्रणाली, सदस्यों के हित में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए गए प्रयासों को यह पुरस्कार एक बड़ी मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर खुशी की लहर समिति को मिले इस प्रदेश स्तरीय सम्मान से क्षेत्र के सहकारी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसे आने वाले समय में सहकारिता आंदोलन को और मजबूत करने की प्रेरणा बताया जा रहा है।
