मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले में नवनिर्मित पुलिस आवासों व भवनों का किया वर्चुअल उद्घाटन
दुर्ग | 28 जनवरी 2026माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विष्णुदेव साय द्वारा आज दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से निर्मित विभिन्न पुलिस भवनों एवं आवासों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया।इस अवसर पर दुर्ग जिले में पुलिसकर्मियों की सुविधा एवं कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए निर्मित निम्न भवनों का उद्घाटन किया गया—नई पुलिस लाइन, दुर्ग में 36 अराजपत्रित अधिकारियों एवं 48 प्रधान आरक्षक/आरक्षकों के नवनिर्मित आवास नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल, दुर्ग नवीन थाना भवन पद्मनाभपुर नवीन थाना भवन पुलगांव पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, धमधा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल एवं उनके परिवारों की सुविधाओं के विस्तार हेतु सतत प्रयासरत है।
उन्होंने पुलिस परिवारों की मांग पर सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन, हाईमास्ट लाइट की स्थापना तथा पुलिस आवासों के मरम्मत कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया।जिला दण्डाधिकारी दुर्ग श्री अभिजीत सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब आम नागरिक रात्रि में विश्राम करता है, तब पुलिस बल समाज की सुरक्षा हेतु पूरी निष्ठा से ड्यूटी पर तैनात रहता है। नवनिर्मित आवासों से पुलिस कर्मियों के जीवन स्तर एवं कार्यक्षमता में सकारात्मक सुधार होगा।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री सुखनंदन राठौर, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ श्री नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कौशिक, वार्ड पार्षद श्रीमती लोकेश्वरी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
