यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दुर्ग पुलिस की समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट जवानों का हुआ सम्मान
दुर्ग, 12 जनवरी 2026।यातायात नियमों के कड़ाई से पालन एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 भिलाई में विशेष समीक्षा बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।बैठक में जिले के प्रमुख एवं संवेदनशील यातायात क्षेत्रों — मुरगा चौक, रेल चौक, डी.पी.एस. चौक रिसाली, जुनवानी चौक तथा राजेन्द्र प्रसाद चौक दुर्ग — में चलाए जा रहे विशेष अभियान का विश्लेषण किया गया।
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले तथा बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध सतत प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात अनुशासन स्थापित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।इस दौरान अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जवानों को निर्देशित किया गया कि यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निष्पक्ष, सतत एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें।
यातायात नियमों का पालन कर स्वयं की एवं अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। नियम उल्लंघन की स्थिति में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है तथा नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
