धमतरी बड़ी खबर : धर्मांतरित महिला के दफन को लेकर गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
धमतरी। जिले के गुहारनाला गांव में एक बार फिर धर्मांतरण और दफन को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। मामला दुगली थाना क्षेत्र का है, जहां 70 वर्षीय तितरो भाई की 3 फरवरी को मृत्यु हो गई थी।बताया जा रहा है कि महिला और उनके परिजनों ने करीब 8 वर्ष पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। महिला की मौत के बाद गांव में ही उनके शव को दफन कर दिया गया था।
इसके बाद से ही गांव के आदिवासी समाज और कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि शव को कब्र से बाहर निकाला जाए और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाए।ग्रामीणों के विरोध के चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया है। मौके पर Central Reserve Police Force (CRPF) के जवानों के साथ दुगली थाना पुलिस की भारी तैनाती की गई है।
प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
