लूट के विरोध में हुई हत्या का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग अभिरक्षा में
दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान हुई प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक आरोपी और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की देर रात चार युवकों ने प्रकाश सिंह कश्यप और उनके साथियों की बाइक रोककर लूट का प्रयास किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या कर दी और करीब 4 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।चौकी जेवरा सिरसा और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने लगातार जांच कर मुख्य आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19) को गिरफ्तार किया, जबकि तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
