होली के रंगों में सराबोर सेवा सदन, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के साथ जनसमूह ने मनाया उल्लासपूर्ण होली मिलन

दुर्ग, 04 मार्च 2026।गजेन्द्र यादव के दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र स्थित सेवा सदन कार्यालय में आज होली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों की भारी उपस्थिति रही।समारोह के दौरान अपने लोकप्रिय विधायक को रंग-गुलाल लगाने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही सेवा सदन परिसर में कार्यकर्ताओं और आमजनों का आना-जाना लगा रहा।
ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक होली गीतों के बीच उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भी सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।पूरा सेवा सदन परिसर रंगों की बौछार और उत्सव के माहौल से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में आत्मीयता, भाईचारे और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
