राशन दुकानों के आबंटन पर विधानसभा में सवाल, ललित चंद्राकर ने उठाया मुद्दा – मंत्री बोले, शिकायत मिली तो होगी जांच समाचार
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन दुकानों के आबंटन का मामला उठा। भाजपा विधायक ललित चंद्राकर ने प्रदेश में एक समूह द्वारा एक से अधिक राशन दुकान संचालित किए जाने को लेकर सरकार से सवाल किया।प्रश्न के जवाब में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि प्रदेश में ऐसे 11 समूह हैं, जो अपनी मूल दुकान के साथ संलग्न किए जाने के कारण दो राशन दुकानों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था विभागीय प्रावधानों के तहत की गई है।
इस पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में 11 से अधिक ऐसे समूह हैं, जो एक से ज्यादा राशन दुकानों का संचालन कर रहे हैं और इसकी जांच कराई जानी चाहिए।मंत्री दयालदास बघेल ने जवाब देते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की कोई शिकायत सामने आती है तो खाद्य विभाग द्वारा मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
