महिला दिवस पर 500 से अधिक हेलमेट का वितरण, महिला पुलिस व वाहन चालकों का सम्मान
दुर्ग / 08 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा राजेन्द्र पार्क के समीप महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने की।
इस अवसर पर आयुक्त सुमित अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, महिला एवं बाल विकास प्रभारी शशि साहू, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान महिला ट्रैफिक पुलिस, महिला कमांडो, महिला पुलिसकर्मियों और महिला वाहन चालकों का सम्मान किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 500 से अधिक हेलमेट ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिसकर्मियों, निगम की महिला कर्मचारियों और महिला वाहन चालकों को वितरित किए गए।
इसके अलावा महिला कमांडो को उनके कर्तव्यों के बेहतर निर्वहन के लिए लाठी, टॉर्च, टोपी सहित अन्य सुरक्षा सामग्री भी प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य महिला सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना बताया गया।इस अवसर पर डॉ. सरोज पांडेय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। महिलाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि हेलमेट न पहनने के कारण कई गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में महिलाओं को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना और उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना जरूरी है।आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी और महिला कमांडो शहर की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से उनके कार्यों का सम्मान करते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में पार्षदगण, महिला मोर्चा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिलाएं तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
