खस्ताहाल सड़क बनी मौत का कारण: नारायणपुर में पिकअप घाटी में पलटी, 3 की मौत, 15 घायल
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारा थाना क्षेत्र में ओरछा साप्ताहिक बाजार से लौट रही एक पिकअप वाहन खराब सड़क के कारण अनियंत्रित होकर झारा घाटी में पलट गई। इस भीषण हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार सभी लोग ग्राम मुजमेटा के निवासी बताए जा रहे हैं, जो देवता संबंधी कार्य से ओरछा गए हुए थे।
शाम करीब 7 बजे लौटते समय झारा घाटी के पास सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप घाटी में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल चार 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नारायणपुर–ओरछा मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब है।
इस सड़क पर माइंस के भारी ट्रकों की आवाजाही के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। ग्रामीण पिछले दो वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार चक्काजाम और आंदोलन भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
