सिगरेट के विवाद में हत्या के प्रयास का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने कैरम सेंटर में हुए विवाद के दौरान हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को प्रार्थी मोह. वसी ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अहमद नगर कैम्प-02 भिलाई स्थित बड़ी मस्जिद के पास अयाज अहमद सिद्दीकी का कैरम सेंटर में बैठा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा सिगरेट मांगने पर मना करने से विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी अपने अन्य साथियों को बुलाकर पहुंचे और प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने गला दबाने के साथ ही धारदार वस्तु से हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया।मामले में अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
इसके बाद आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में मोह. रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू और रज्जा अहमद उर्फ पप्पू शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार नुकीली वस्तु और पानी की बोतल जप्त की गई है।इस कार्रवाई में थाना छावनी के पुलिस कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि छोटे-छोटे विवादों को बढ़ावा न दें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
